Sunday, 10 January 2021 00:00
AWAZ PLUS MEDIA HOUSE
Covid -19 Vaccination नौ लाख स्वास्थ्य कर्मियों को सबसे पहले लगेगा टीका 11 को पूर्वाभ्यास। पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाए जाने के बाद दूसरे चरण में करीब 18 लाख फ्रंटलाइन वर्करों को टीका लगाया जाएगा। इसमें राजस्व कर्मी नगर निगम कर्मी और पुलिस आदि शामिल हैं।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 16 जनवरी से कोरोना का टीका लगाया जाएगा। देश भर में जिन पांच हजार केंद्रों पर टीकाकरण की शुरुआत होगी, उसमें से 850 केंद्र यूपी के हैं। सबसे पहले नौ लाख स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाएगा। पूरे प्रदेश में इसके लिए अस्पतालों में 1,500 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। फिलहाल चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और चिकित्सा शिक्षा विभाग टीकाकरण की तैयारियों में जुट गया है। भारत में आक्सफोर्ड की कोविशील्ड और भारत बायोटेक की कोवैक्सीन लगाने को हरी झंडी पहले ही दी जा चुकी है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ.डीएस नेगी ने बताया कि कोरोना टीकाकरण की पुख्ता तैयारियां की जा रही हैं। पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाए जाने के बाद दूसरे चरण में करीब 18 लाख फ्रंटलाइन वर्करों को टीका लगाया जाएगा। इसमें राजस्व कर्मी, नगर निगम कर्मी और पुलिस आदि शामिल हैं। दूसरे चरण के टीकाकरण के लिए तीन हजार केंद्र बनाए गए हैं। तीसरे चरण में 50 साल से अधिक आयु के लोगों को और चौथे चरण में 50 साल से कम उम्र के उन लोगों को टीका लगाया जाएगा, जो पहले से किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं। डॉ.नेगी ने बताया कि हर टीकाकरण केंद्र पर प्रतिदिन 100 लोगों को टीका लगाया जाना है। ऐसे में सभी 75 जिलों में स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन वर्करों की संख्या के अनुसार अलग-अलग संख्या में केंद्र बनाए गए हैं। जिस जिले में इनकी संख्या ज्यादा है, वहां ज्यादा केंद्र और जहां कम संख्या है वहां पर कम केंद्र बनाए गए हैं। सोमवार को प्रदेश में सभी जिलों में टीकाकरण का तीसरी बार पूर्वाभ्यास किया जाएगा। इससे पहले दो जनवरी को लखनऊ और पांच जनवरी को पूरे प्रदेश में पूर्वाभ्यास किया जा चुका है। यूपी पहला राज्य है जो टीकाकरण का तीन बार पूर्वाभ्यास कर रहा है।
यूपी में अभी तक 80 हजार लीटर वैक्सीन रखने की व्यवस्था थी, लेकिन अब 1.23 लाख लीटर वैक्सीन रखने की और व्यवस्था कर दी गई है। ऐसे में अब 2.03 लाख लीटर वैक्सीन आराम से रखी जा सकती है। दो डिग्री सेल्सियस से लेकर आठ डिग्री सेल्सियस तक तापमान पर वैक्सीन रखी जा सकेंगी। इसके लिए आठ वॉक इन कूलर, चार वॉक इन फ्रीजर, 1,610 आइएलआर, 1,430 डीप फ्रीजर, 26,800 वैक्सीन कैरियर और 1,950 कोल्ड बॉक्स केंद्र सरकार ने दिए हैं। 22 जिलों में वैक्सीन रखने के लिए 500 वर्ग फीट के कमरे बनाए गए हैं। बाकी जिलों में कमरों की मरम्मत कराई गई है।
कोरोना का टीका दो डोज में लगाया जाएगा। पहला टीका लगने के 28 दिन बाद दूसरा टीका लगाया जाएगा। हर केंद्र पर तीन कमरे बनाए गए हैं। पहला वेरिफिकेशन रूम, दूसरा वैक्सीनेशन रूम और तीसरा आब्जर्वेशन रूम। टीका लगने के बाद मेडिकल टीम की निगरानी में व्यक्ति को आधे घंटे तक आब्जर्वेशन रूम में रहना होगा।