Saturday, 26 August 2017 10:52 AM
VIVEK KUMAR
गोंडा: जिला अस्पताल में एक कुष्ठ रोग पीड़ित महिला के साथ रेप का मामला सामने आया है। महिला ने अस्पताल एक संविदा कर्मी पर ही बलात्कार का आरोप लगाया है।
आज सुबह महिला की ओर से घटना की जानकारी दिए जाने के बाद अस्पताल प्रशासन में खलबली मच गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित महिला का बयान दर्ज करने के बाद उसे मेडिकल परीक्षण के लिए महिला अस्पताल भेजा है। वारदात को अंजाम देने वाला संविदा कर्मी फरार बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कुष्ठ रोग से पीड़ित तीस साल महिला जिला अस्पताल के आईसोलेशन वॉर्ड में भर्ती थी। शुक्रवार देर रात अस्पताल के एक संविदा पर तैनात कर्मी ने महिला के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया।
आज सुबह महिला ने सुबह ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स के आने पर घटना के बारे में जानकारी दी। इसकी सूचना सीएमएस डॉ एस के श्रीवास्तव को दी गई। सीएमएस ने कोतवाली नगर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दे दी है।
एसपी उमेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पीड़िता की ओर से तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज किया जाएगा।
वहीं वारदात को अंजाम देने वाला संविदा कर्मी फरार बताया जाता है। इस घटना को लेकर जिला अस्पताल में खलबली मच गई है।
शाहजहांपुर में घर से उठाकर किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म
थाना खुटार क्षेत्र के गांव बेला में शुक्रवार की रात करीब दो बजे तीन दबंगों ने किशोरी को उसके घर से उठा लिया और उसके साथ खेत में बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। किशोरी को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा है।