Friday, 18 June 2021 00:00
AWAZ PLUS MEDIA HOUSE
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि भारत ने कोरोना वायरस महामारी से तबाही झेली है।
वॉशिंगटन: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि भारत ने कोरोना वायरस महामारी से तबाही झेली है। उन्होंने कहा कि चीन कोविड-19 की वैश्विक महामारी के लिए जिम्मेदार है और उसे अमेरिका को 10 खरब डॉलर का हर्जाना देना चाहिए। ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा कि चीन को दुनिया को हर्जाना देना चाहिए और यह उन्हें अपनी क्षमता के अनुसार देना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘संख्या (हर्जाना) इससे कहीं अधिक है लेकिन वे इतना ही अमेरिका को भुगतान कर सकते हैं। पूरी दुनिया में नुकसान कहीं अधिक है।’
‘उनके किए की वजह से कितने देश बर्बाद हुए’
ट्रंप ने कहा, ‘देखिए कैसे उनके किए की वजह से देश बर्बाद हुए, भले वह दुर्घटना हो या नहीं। मैं उम्मीद करता हूं कि वह हादसा ही था। मैं उम्मीद करता हूं कि यह अक्षमता या हादसे की वजह से हुआ। लेकिन जब आप देखते हैं, भले यह दुर्घटनावश हुआ, आप इन देशों को देखें। वे अब कभी पहले जैसे नहीं होंगे। हमारा देश भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ है लेकिन अन्य देश हमसे भी अधिक प्रभावित हुए हैं।’ उन्होंने कहा कि जैसा कि मैंने भारत का हवाला दिया, जो वर्तमान में सबसे खराब सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट का सामना कर रहा है।
‘भारत समेत कई देशों ने तबाही झेली है’
ट्रंप ने कहा, ‘देखिये, भारत में क्या हो रहा है। तथ्य यह है कि भारत ने हाल ही में तबाही झेली और वस्तुतः सभी देश तबाह हुए हैं। मुझे लगता है कि एक कारण जो सबसे महत्वपूर्ण है वह है यह पता लगाना कि ये कहां से आया, कैसे आया। शायद मुझे पता है। मेरा मतलब है कि इसे लेकर मैं मुतमईन हूं। लेकिन निश्चित तौर पर चीन को मदद करनी चाहिए।’ चीनी अधिकारियों द्वारा दिसंबर 2019 में सबसे पहले वुहान में कोरोना वायरस की जानकारी दी गई। ट्रंप का आरोप है कि मध्य चीन के वुहान शहर में स्थित वुहान इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी से कोरोना वायरस लीक हुआ।