
कोलकाता। दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर थाना इलाके में एक नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। चार युवकों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया है। घटना मंगलवार रात की है। इनमें से दो को पुलिस ने धर दबोचा है। इनकी पहचान अरूप नस्कर और स्मृति उज्जवल सरकार के तौर पर हुई है। बाकी दो आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी है।
फोन छीनकर भागने पर लेने पहुंची थी पीडि़ता, तभी…
बुधवार सुबह पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मां को किडनी की समस्या है। इसलिए वह अस्पताल में भर्ती है। मंगलवार रात के समय वह अपने घर के पास फोन लेकर बैठी थी। उसी समय दो युवक आए और उसका फोन छीन कर चले गए। दोनों पहचान वाले थे इसलिए लड़की अपना फोन लेने के लिए उनके पास गई। आरोप है कि दोनों उसे पकड़ कर पास के एक सुनसान मैदान में ले गए।
वहां पहले से दो और युवक मौजूद थे। सभी ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। जैसे-तैसे लड़की घर लौटी और घर वालों को आपबीती सुनाई। इसके बाद सोनारपुर थाने को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और दोनों आरोपितों को धर दबोचा है। बाकी दो आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।