उत्तर प्रदेश के Kanpur में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिधनू थाना क्षेत्र स्थित रामगंगा नहर पुल पर यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि बस में कुल 19 लोग सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी सीएचसी भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने सभी की हालत खतरे से बाहर बताई है।
Trident कंपनी के कर्मचारियों को लेकर जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक यह बस Trident कंपनी के कर्मचारियों को लेकर कुढ़नी से रनियां जा रही थी। रास्ते में बिधनू रामगंगा नहर पुल के पास एक डंपर ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद बस चालक मौके से कूदकर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने बचाई यात्रियों की जान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। कई लोगों को रस्सियों और सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित बाहर लाया गया।
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।
हादसे की जांच शुरू
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और ड्राइवर के नियंत्रण खोने की बात सामने आ रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Awaz Plus
“हर खबर पर आपकी आवाज”
