ISI के शहजाद भट्टी मॉड्यूल का भंडाफोड़, ऐतिहासिक मंदिर और मशहूर ढाबा थे निशाने पर

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक बड़े मॉड्यूल का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शहजाद भट्टी मॉड्यूल के 9 गुर्गों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आतंकियों के निशाने पर दिल्ली का एक ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत हाईवे का मशहूर ढाबा और हरियाणा का सैन्य कैंप था।

जांच एजेंसियों के मुताबिक मॉड्यूल के एक सदस्य ने मंदिर की रेकी की थी। वहां तैनात पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों पर फायरिंग की योजना बनाई गई थी। इतना ही नहीं, मंदिर की तस्वीरें और अन्य जानकारी पाकिस्तान में बैठे सोशल मीडिया हैंडलर्स को भेजी गई थीं।

मशहूर ढाबे पर ग्रेनेड हमले की साजिश

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक प्रसिद्ध ढाबे को हैंड ग्रेनेड हमले के जरिए निशाना बनाने की योजना थी। इस ढाबे पर रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। इसके अलावा हिसार स्थित सैन्य कैंप की रेकी कर वीडियो पाकिस्तान भेजे गए थे। यूपी के कुछ पुलिस स्टेशनों में तैनात पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाने की साजिश रची जा रही थी।

‘Gang Bust 2.0’ में 481 अपराधी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को ‘Gang Bust 2.0’ अभियान के तहत दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में 48 घंटे का बड़ा ऑपरेशन चलाया। इस दौरान 12 से ज्यादा गैंग्स के 1014 ठिकानों पर छापेमारी की गई और 481 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

अभियान में बरामद हुई बड़ी खेप

ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध सामान बरामद किया, जिनमें शामिल हैं:

  • 130 पिस्टल, 214 कारतूस और 79 चाकू
  • करीब 19 किलो अवैध ड्रग्स
  • 1234 क्वार्टर अवैध शराब
  • 24 वाहन और लगभग 19 लाख रुपये नकद

स्पेशल सेल की जांच जारी

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ISI मॉड्यूल से जुड़े और कौन-कौन लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय हैं। पुलिस का कहना है कि समय रहते इस साजिश का खुलासा होने से बड़ी आतंकी घटना टल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS