राजधानी दिल्ली में नकली मोबाइल एक्सेसरीज का बड़ा खेल पकड़ा गया है। Oppo, OnePlus और Realme जैसे बड़े ब्रांड्स के नाम पर फर्जी प्रोडक्ट्स बाजार में बेचे जा रहे थे। दिल्ली पुलिस ने करोल बाग और मोती नगर में छापेमारी कर दो अवैध गोदाम सील किए हैं।

15 हजार से ज्यादा नकली प्रोडक्ट्स बरामद
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने छापेमारी के दौरान 15 हजार से ज्यादा नकली ईयरबड्स, चार्जिंग केबल, अडेप्टर और नेकबैंड बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक ये सामान चीन से अवैध तरीके से मंगाया जाता था और दिल्ली में पैकेजिंग कर असली ब्रांड के नाम पर बेचा जाता था।
सोशल मीडिया के जरिए होता था कारोबार
जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए इन नकली प्रोडक्ट्स का प्रचार करते थे। ग्राहकों को कम कीमत का लालच देकर ये सामान ऑनलाइन और लोकल मार्केट में सप्लाई किया जाता था। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
नकली पैकेजिंग के लिए प्रिंटिंग प्रेस का इस्तेमाल
क्राइम ब्रांच को एक ऐसी प्रिंटिंग प्रेस का भी पता चला है, जहां इन ब्रांड्स के नकली बॉक्स और पैकेजिंग तैयार किए जाते थे। पुलिस ने इस अवैध कारोबार में इस्तेमाल हो रही 8 मशीनों को भी जब्त कर लिया है।
ऐसे करें असली-नकली की पहचान
अगर आपने भी सस्ते दाम में मोबाइल एक्सेसरीज खरीदी हैं, तो सावधान रहने की जरूरत है। ग्राहक BIS वेबसाइट या उमंग ऐप पर जाकर प्रोडक्ट के सीरियल नंबर की मदद से उसकी असलियत जांच सकते हैं।
फिलहाल दिल्ली पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नकली सामान देश के किन-किन हिस्सों में सप्लाई किया जा रहा था।
आवाज़ प्लस।
