कैलिफोर्निया की मेयर निकली चीन की एजेंट! FBI के खुलासे से अमेरिका में मचा हड़कंप

अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने कैलिफोर्निया के आर्केडिया शहर की मेयर ईलीन वांग पर चीन के लिए अवैध एजेंट के तौर पर काम करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। इस खुलासे के बाद अमेरिकी प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

FBI के मुताबिक, ईलीन वांग ने साल 2020 से 2022 के बीच चीन सरकार के अधिकारियों के निर्देश पर अमेरिका में चीन समर्थक एजेंडा फैलाने का काम किया। जांच एजेंसियों का दावा है कि वांग ने अमेरिका के भीतर चीन के हितों को बढ़ावा देने के लिए कई लोगों के साथ मिलकर प्रॉपेगैंडा नेटवर्क तैयार किया था।

‘US News Center’ के जरिए फैलाया गया प्रॉपेगैंडा

जांच में सामने आया कि ईलीन वांग और याओनिंग “माइक” सन नाम के व्यक्ति ने ‘US News Center’ नाम की वेबसाइट का इस्तेमाल किया। यह प्लेटफॉर्म स्थानीय चीनी-अमेरिकी समुदाय के लिए न्यूज़ वेबसाइट के तौर पर चलाया जा रहा था, लेकिन आरोप है कि यहां चीन सरकार के इशारों पर खबरें और प्रचार सामग्री प्रकाशित की जाती थी।

FBI का कहना है कि चीन के अधिकारियों ने वीचैट ऐप के जरिए पहले से तैयार लेख भेजे, जिन्हें अमेरिका में प्रकाशित कराने की कोशिश हुई।

आरोप स्वीकार, मेयर पद से इस्तीफा

58 वर्षीय ईलीन वांग ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार कर लिया है। इस मामले में उन्हें अधिकतम 10 साल तक की सजा हो सकती है। मामले के सामने आने के बाद वांग ने आर्केडिया सिटी काउंसिल और मेयर पद से इस्तीफा दे दिया है।

बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में लॉस एंजिलिस की संघीय अदालत में वह औपचारिक रूप से अपना गुनाह कबूल कर सकती हैं।

अमेरिकी अधिकारियों का बड़ा बयान

अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के सहायक अटॉर्नी जनरल जॉन आइजनबर्ग ने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि विदेशी सरकार के इशारों पर काम करने वाली महिला सार्वजनिक पद तक पहुंच गई।

वहीं FBI अधिकारियों ने इसे अमेरिकी लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि यह मामला उन सभी लोगों के लिए चेतावनी है जो विदेशी ताकतों के लिए गुप्त रूप से काम करते हैं।

इस खुलासे ने अमेरिका-चीन संबंधों में तनाव और बढ़ा दिया है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या चीन दुनिया के सबसे ताकतवर लोकतंत्र की राजनीतिक व्यवस्था में गहरी सेंध लगा चुका है। FBI अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS