आईसीसी ने लंबे समय बाद टेस्ट क्रिकेट की नई रैंकिंग जारी कर दी है। बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच के बाद जारी हुई इस रैंकिंग में भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को बिना मैच खेले ही फायदा मिला है। वहीं पाकिस्तान के बल्लेबाज साउद शकील को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

जो रूट अब भी नंबर-1 बल्लेबाज
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट 880 रेटिंग अंकों के साथ टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहले स्थान पर बने हुए हैं। दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के ही हैरी ब्रूक हैं, जिनकी रेटिंग 857 है। दोनों खिलाड़ियों के बीच फिलहाल अच्छा खासा अंतर बना हुआ है।
शुभमन गिल और ऋषभ पंत को फायदा
नई रैंकिंग में भारतीय कप्तान शुभमन गिल एक स्थान ऊपर चढ़कर अब नौवें नंबर पर पहुंच गए हैं। खास बात यह है कि उन्होंने इस दौरान कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला।
इसके अलावा भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत, श्रीलंका के दिनेश चंदीमल, न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल, साथ ही ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स कैरी को भी एक-एक स्थान का फायदा हुआ है।
साउद शकील छह स्थान नीचे गिरे
पाकिस्तान के बल्लेबाज साउद शकील के लिए यह रैंकिंग बड़ा झटका लेकर आई है। बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में वे बिना खाता खोले आउट हो गए थे, जबकि दूसरी पारी में सिर्फ 15 रन बना सके। खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें सीधे छह स्थानों का नुकसान हुआ और अब वे 15वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
दूसरे टेस्ट पर टिकी नजरें
अब पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा। इसके बाद आईसीसी फिर नई रैंकिंग जारी करेगी। ऐसे में क्रिकेट फैंस की नजरें अब अगले मुकाबले और नई रैंकिंग पर टिकी हुई हैं।
