तमिलनाडु की राजनीति में नया अध्याय शुरू हो चुका है। अभिनेता से नेता बने थलापति विजय ने मुख्यमंत्री बनने के बाद तेजी से फैसले लेने शुरू कर दिए हैं। सदन में 144 विधायकों के समर्थन के साथ बहुमत साबित करने के बाद अब विजय लगातार ऐसे फैसले ले रहे हैं, जिनकी पूरे राज्य में चर्चा हो रही है।

पहले 717 शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश देकर विजय ने लोगों का ध्यान खींचा, वहीं अब उन्होंने तमिल फिल्म इंडस्ट्री को बड़ी राहत देते हुए मॉर्निंग शो की स्पेशल स्क्रीनिंग को मंजूरी दे दी है। करीब 3 साल बाद तमिलनाडु में फिल्मों के सुबह के शो को अनुमति मिली है।
तृषा कृष्णन की फिल्म ‘करप्पू’ को मिला फायदा
विजय सरकार के इस फैसले का सबसे बड़ा फायदा अभिनेत्री तृषा कृष्णन और सूर्या की आने वाली फिल्म ‘करप्पू’ को मिला है। फिल्म 14 मई को रिलीज होने जा रही है और अब इसे सुबह 9 बजे का स्पेशल शो दिखाने की अनुमति मिल गई है।
फिल्म के प्रोडक्शन हाउस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुख्यमंत्री विजय का धन्यवाद करते हुए पोस्ट शेयर किया। पोस्ट में लिखा गया कि “करप्पू के सुबह 9 बजे के शो की विशेष अनुमति देने के लिए माननीय मुख्यमंत्री विजय का धन्यवाद।”
विजय के फैसले से खुश तमिल फिल्म इंडस्ट्री
तमिल सिनेमा से जुड़े कई लोग विजय के इस कदम को इंडस्ट्री के लिए सकारात्मक मान रहे हैं। माना जा रहा है कि इससे फिल्मों की एडवांस बुकिंग और पहले दिन की कमाई को भी बड़ा फायदा मिलेगा।
सूर्या ने भी दी थी विजय को बधाई
फिल्म ‘करप्पू’ में लीड रोल निभा रहे अभिनेता सूर्या ने भी विजय के मुख्यमंत्री बनने पर उन्हें शुभकामनाएं दी थीं। सूर्या ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि जनता का प्यार और भरोसा मिलना सबसे बड़ी ताकत है और तमिलनाडु को विजय से काफी उम्मीदें हैं।
शपथ ग्रहण में भावुक हुई थीं तृषा
10 मई को हुए विजय के शपथ ग्रहण समारोह में तृषा कृष्णन भी शामिल हुई थीं। समारोह के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। खास तौर पर विजय के भाषण के दौरान तृषा भावुक नजर आई थीं, जिसकी काफी चर्चा हुई।
अब मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय के फैसले राजनीति के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री में भी बड़ा असर डालते दिखाई दे रहे हैं।
