बैंकॉक में खेले जा रहे Thailand Open Super 500 टूर्नामेंट में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के साथ अभियान की शुरुआत की। भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु और पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 किदांबी श्रीकांत ने अपने-अपने मुकाबले सीधे सेटों में जीतकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता P. V. Sindhu ने चीनी ताइपे की तुंग सियू तोंग को महज 33 मिनट में हराकर अपनी ताकत का दम दिखाया। सिंधु ने मुकाबला 21-9, 21-12 से जीतते हुए अगले दौर में प्रवेश किया। अब उनका अगला मुकाबला डेनमार्क की अमेली शूल्ज से होगा।
वहीं भारतीय स्टार Kidambi Srikanth ने सिंगापुर के आठवीं वरीयता प्राप्त लो कीन यू को सीधे सेटों में मात देकर शानदार शुरुआत की। श्रीकांत ने मुकाबला 21-14, 21-15 से जीतकर राउंड ऑफ-16 में अपनी जगह पक्की कर ली। अब अगले दौर में उनका सामना चीनी ताइपे के सू लि यांग से होगा।
टूर्नामेंट में भारत की युवा खिलाड़ी देविका सिहाग ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी पहली सुपर-500 जीत दर्ज की। 21 वर्षीय देविका ने जापान की नात्सुकी निदैरा को तीन सेटों तक चले मुकाबले में 21-19, 13-21, 21-15 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
हालांकि भारतीय खिलाड़ियों आयुष शेट्टी और तरुण मन्नेपल्ली को पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा। आयुष को जापान के छठी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी के खिलाफ कड़े मुकाबले में हार मिली, जबकि तरुण भी जापानी खिलाड़ी के खिलाफ जीत हासिल नहीं कर सके।
Thailand Open में भारतीय खिलाड़ियों की इस दमदार शुरुआत से फैंस को आगे भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद बढ़ गई है।
