CSK को बड़ा झटका, रामकृष्ण घोष पूरे सीजन से बाहर! रिप्लेसमेंट के तौर पर मैकनील नोरोन्हा की एंट्री

आईपीएल 2026 के बीच में ही 5 बार की चैंपियन Chennai Super Kings को बड़ा झटका लगा है। टीम के ऑलराउंडर रामकृष्ण घोष चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। हालांकि CSK ने बिना देरी किए उनके रिप्लेसमेंट का भी ऐलान कर दिया है। अब कर्नाटक के युवा ऑलराउंडर मैकनील नोरोन्हा बाकी मुकाबलों में चेन्नई की जर्सी में खेलते नजर आएंगे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रामकृष्ण घोष को 3 मई को Mumbai Indians के खिलाफ मुकाबले में दाएं पैर में चोट लगी थी। मेडिकल जांच के बाद उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया। इसके बाद CSK ने मैकनील नोरोन्हा को 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल कर लिया।

आईपीएल की ओर से जारी बयान में बताया गया कि मैकनील नोरोन्हा ने 2024-25 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाए थे, जिसके लिए उन्हें प्रतिष्ठित एमए चिदंबरम ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। उनके दमदार प्रदर्शन के बाद उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कर्नाटक टीम से खेलने का मौका भी मिला, जहां उन्होंने तीन मुकाबले खेले।

क्या लखनऊ जाएंगे धोनी?

इस बीच CSK कैंप से एक और बड़ी खबर सामने आई है। टीम के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज MS Dhoni के लखनऊ जाने की संभावना जताई जा रही है। धोनी फिलहाल पिंडली की चोट से उबर रहे हैं और इसी वजह से इस सीजन टीम के साथ कम ट्रैवल कर पाए हैं।

धोनी अब तक सिर्फ हैदराबाद और मुंबई के अवे मैचों में टीम के साथ नजर आए थे। यहां तक कि उन्होंने चेपॉक में खेले गए कुछ घरेलू मुकाबले भी मिस किए थे। हालांकि CSK के CEO कासी विश्वनाथन ने पुष्टि की है कि लखनऊ जाने वाली फ्लाइट में धोनी का टिकट भी बुक कर दिया गया है।

अब फैंस की नजर इस बात पर रहेगी कि क्या धोनी टीम के साथ लखनऊ दौरे पर दिखाई देंगे और युवा मैकनील नोरोन्हा CSK के लिए अपने पहले मौके को कितना खास बना पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS