CSK के स्टार गेंदबाज अंशुल कंबोज के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड, 10 गेंदों में लुटाए 52 रन

आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोर रहे चेन्नई सुपर किंग्स के युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबला बेहद खराब साबित हुआ। इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अंशुल ने ऐसा अनचाहा रिकॉर्ड बना दिया, जो आईपीएल इतिहास में पहली बार देखने को मिला।

एक ही मैच में दो बार लगातार पड़े 4-4 छक्के

लखनऊ सुपर जायंट्स के विस्फोटक बल्लेबाज मिचेल मार्श ने अंशुल कंबोज की जमकर धुनाई की। पारी के पांचवें ओवर में मार्श ने उनकी लगातार चार गेंदों पर चार छक्के जड़ दिए। इसके बाद 17वें ओवर में भी अंशुल की शुरुआती चार गेंदें बाउंड्री के बाहर पहुंच गईं।

इसके साथ ही अंशुल कंबोज आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे गेंदबाज बन गए, जिन्हें एक ही मैच में दो अलग-अलग ओवरों में लगातार चार-चार छक्के पड़े।

10 गेंदों में पड़े 52 रन

अंशुल कंबोज ने मैच में कुल 2.4 ओवर गेंदबाजी की और 63 रन खर्च कर दिए। उनकी आखिरी 10 गेंदों पर बल्लेबाजों ने 8 छक्के और 1 चौका लगाया, जबकि सिर्फ एक गेंद डॉट रही। यानी सिर्फ 10 गेंदों में 52 रन लुट गए।

आईपीएल इतिहास में यह सबसे महंगे स्पेल्स में से एक माना जा रहा है। इससे पहले यश दयाल ने आईपीएल 2023 में 8 छक्के खाए थे, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने 2024 में 12 गेंदों में 10 बाउंड्री दी थीं।

CSK के लिए भी बना खराब रिकॉर्ड

अंशुल कंबोज चेन्नई सुपर किंग्स के दूसरे ऐसे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने 3 या उससे कम ओवर में 60 से ज्यादा रन दिए। इससे पहले खलील अहमद ने 2025 में आरसीबी के खिलाफ 65 रन लुटाए थे।

हालांकि इस खराब प्रदर्शन के बावजूद अंशुल कंबोज का सीजन अब तक शानदार रहा है। वह आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के सबसे सफल गेंदबाज हैं और पर्पल कैप की रेस में तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। उन्होंने 12 मैचों में 19 विकेट हासिल किए हैं।

प्लेऑफ की उम्मीदों को लगा झटका

इस मुकाबले में मिली हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेऑफ की राह भी मुश्किल हो गई है। लखनऊ सुपर जायंट्स की जीत में मिचेल मार्श की तूफानी बल्लेबाजी सबसे बड़ा कारण बनी, जबकि CSK की गेंदबाजी पूरी तरह बेअसर नजर आई।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS