NEET पेपर लीक केस में बड़ा खुलासा, दूसरी मास्टरमाइंड महिला लेक्चरर गिरफ्तार

नई दिल्ली: देश के चर्चित NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में सीबीआई को बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसी ने इस मामले की दूसरी कथित मास्टरमाइंड मनीषा गुरुनाथ मंधारे को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। मनीषा पुणे, महाराष्ट्र की सीनियर बॉटनी टीचर है और उसे NTA ने NEET परीक्षा प्रक्रिया में एक्सपर्ट के तौर पर नियुक्त किया था।

जांच में सामने आया है कि मनीषा को बॉटनी और जूलॉजी के प्रश्नपत्रों तक पूरी पहुंच थी। आरोप है कि उसने कोचिंग क्लास के बहाने छात्रों को परीक्षा में आने वाले सवाल पहले ही नोट करवाए। सीबीआई के मुताबिक अप्रैल 2026 में पुणे में विशेष कोचिंग सत्र आयोजित किए गए, जहां छात्रों को कई ऐसे सवाल समझाए गए जो बाद में 3 मई 2026 को हुई NEET UG परीक्षा के असली पेपर में मिले।

इस मामले में पीवी कुलकर्णी के बाद यह दूसरी बड़ी गिरफ्तारी मानी जा रही है। जांच एजेंसी का दावा है कि मनीषा ने संभावित उम्मीदवारों को चुनकर उन्हें लीक प्रश्नों की तैयारी करवाई थी।

सीबीआई ने पिछले 24 घंटों में देशभर के 6 ठिकानों पर छापेमारी भी की है। कार्रवाई के दौरान लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक स्टेटमेंट और कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

अब तक इस मामले में दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहल्यानगर से कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कई आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि दो आरोपियों को पुणे से ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया है।

NEET पेपर लीक मामले में लगातार हो रही गिरफ्तारियों से देशभर के छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। वहीं, जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS