गुवाहाटी/असम:
असम विधानसभा चुनाव 2026 से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी कड़ी में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं की ओर से लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें गिरफ्तार करने के लिए गांधी परिवार को “नया जन्म लेना पड़ेगा” और “सात जन्म बाद ही उनका बाल बांका किया जा सकेगा।”
दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में असम दौरे के दौरान गुवाहाटी समेत कई जगहों पर रैलियों में हिमंत बिस्वा सरमा पर गंभीर आरोप लगाए थे। राहुल गांधी ने उन्हें “देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री” बताते हुए कहा था कि कांग्रेस सत्ता में आने पर उन्हें जेल भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हिमंत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ मिलकर राज्य में “लैंड एटीएम” चला रहे हैं, जिसके जरिए लोगों की जमीन लेकर बड़े कॉर्पोरेट्स को दी जा रही है।
राहुल गांधी के इन आरोपों पर पलटवार करते हुए हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “राहुल गांधी खुद कई मामलों में जमानत पर बाहर हैं और दूसरों को जेल भेजने की बात कर रहे हैं। अगर मुझे गिरफ्तार करना है तो इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और राहुल गांधी को नया जन्म लेना पड़ेगा। इस जन्म में यह संभव नहीं है।”

उन्होंने कांग्रेस नेता गौरव गोगोई पर भी निशाना साधते हुए उन्हें “छोटा पप्पू” करार दिया और कहा कि इस तरह के बयान केवल राजनीतिक नौटंकी हैं।
गौरतलब है कि हिमंत बिस्वा सरमा पहले कांग्रेस में ही थे, लेकिन बाद में बीजेपी में शामिल हो गए। इसी वजह से कांग्रेस नेतृत्व उन्हें “दल बदलने वाला” नेता मानता है और दोनों पक्षों के बीच लगातार टकराव बना हुआ है।
असम में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। एक ओर कांग्रेस राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है, वहीं बीजेपी सरकार अपनी उपलब्धियों के आधार पर सत्ता बनाए रखने की रणनीति पर काम कर रही है।
