पत्नी ने हथौड़े से पति की हत्या कर दी, नवजात को कमरे में छोड़ खुद ट्रेन से कटकर की आत्महत्या

आवाज़ प्लस | अयोध्या से बड़ी खबर

उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। रौनाही थाना क्षेत्र के करेरू गांव में एक महिला ने अपने पति की हथौड़े से हत्या कर दी और 22 दिन के नवजात बेटे को उसके शव के साथ कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद महिला ने खुद भी ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।

जानकारी के मुताबिक, महिला ने पहले पति पर हथौड़े से वार कर उसकी हत्या की। इसके बाद उसने दुधमुंहे बच्चे और पति के शव को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। कमरे में बंद रहने के कारण नवजात की भी दम घुटने से मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद महिला अयोध्या-लखनऊ रेलखंड पर देवराकोट के पास पहुंची और ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी।

घटना के समय मृतक के माता-पिता खेत में गेहूं काटने गए हुए थे। जब वे लौटे तो घर बंद मिला और बाद में घटना का खुलासा हुआ।

मामले की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी, लिंक अफसर आशीष निगम और रौनाही पुलिस मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है और पारिवारिक विवाद के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

गौरतलब है कि अयोध्या में पिछले साल मार्च में भी इसी तरह की एक सनसनीखेज घटना सामने आई थी, जिसमें एक पति ने शादी के अगले दिन अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी और बाद में खुद भी आत्महत्या कर ली थी। जांच में सामने आया था कि पति पत्नी के पुराने संबंधों को लेकर शक में था, जिसके चलते विवाद बढ़ा और घटना ने भयावह रूप ले लिया।

फिलहाल पुलिस जांच जारी है और पूरे मामले में सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS