नागपुर, महाराष्ट्र | आवाज़ प्लस
महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दो दिनों से लापता होटल संचालक का शव बोरियों में भरकर नाले में फेंका हुआ मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान राहुल सुनील साहू के रूप में हुई है, जो नागपुर के झिंगाबाई टकले क्षेत्र का निवासी था और सदर के छावनी इलाके में ‘हैप्पी होम’ नाम से किराए पर होटल संचालित करता था। पुलिस के अनुसार, राहुल 20 अप्रैल की शाम करीब 7:30 बजे अपने कर्मचारियों से “दो घंटे में लौटने” की बात कहकर दोपहिया वाहन से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
नाले में मिला शव, बढ़ा शक
जरीपटका क्षेत्र के नारा घाट स्थित नाले के पास राहगीरों को संदिग्ध बोरियां दिखाई दीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग की मदद से बोरियों को बाहर निकाला गया। बोरियों के अंदर राहुल का शव मिला, जिसे रस्सी से कसकर बांधा गया था। शव पर गले और सिर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है।
कहीं और हत्या, यहां ठिकाने लगाया शव
प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि राहुल की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को नाले में फेंका गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब राहुल के मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना वाले दिन उसे किसका फोन आया था और वह किससे मिलने गया था। पुलिस को आशंका है कि यह हत्या किसी करीबी व्यक्ति द्वारा सुनियोजित तरीके से की गई हो सकती है।
परिवार में मातम
राहुल साहू अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि राहुल पहले मोबाइल शॉप चलाते थे, लेकिन व्यवसाय बंद होने के बाद उन्होंने होटल और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम शुरू किया था।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
