आईसीसी की नई टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा एक बार फिर देखने को मिला है। टीम इंडिया के युवा स्टार अभिषेक शर्मा लगातार नंबर-1 बल्लेबाज बने हुए हैं, जबकि ईशान किशन तेजी से उनके करीब पहुंच गए हैं। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब सिर्फ 4 रेटिंग अंकों का अंतर रह गया है, जिससे आने वाले मुकाबलों में नंबर-1 की कुर्सी के लिए बड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

अभिषेक शर्मा इस वक्त 875 रेटिंग के साथ दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज हैं। वहीं ईशान किशन 871 रेटिंग लेकर दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। फिलहाल भारतीय टीम कोई टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज नहीं खेल रही है, इसलिए रैंकिंग में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ, लेकिन आगामी मैचों के बाद तस्वीर बदल सकती है।
पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान 848 रेटिंग के साथ तीसरे स्थान पर हैं। इंग्लैंड के फिल साल्ट चौथे और श्रीलंका के पथुम निसंका पांचवें नंबर पर बने हुए हैं।
भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा भी शानदार प्रदर्शन के दम पर छठे स्थान पर कायम हैं, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव सातवें नंबर पर मौजूद हैं। इंग्लैंड के जॉस बटलर आठवें स्थान पर हैं।
रैंकिंग में साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस और जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनट को बड़ा फायदा हुआ है। ब्रेविस नौवें और बेनट दसवें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड 11वें स्थान पर हैं।
न्यूजीलैंड के टिम सिफर्ट को इस बार सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। वे तीन स्थान नीचे खिसककर 12वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
टी20 क्रिकेट में लगातार बदलती रैंकिंग के बीच भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा साफ दिखाई दे रहा है। अब फैंस की नजर इस बात पर रहेगी कि आने वाले मुकाबलों में अभिषेक शर्मा नंबर-1 की कुर्सी बचा पाते हैं या ईशान किशन उनसे आगे निकल जाते हैं।
