मेट गाला 2026 में इस बार भारतीय मॉडल भाविता मंडावा सबसे ज्यादा चर्चा में रहीं। हैदराबाद की रहने वाली 26 वर्षीय भाविता लग्जरी फैशन ब्रांड Chanel की पहली भारतीय हाउस एंबेसडर बनकर इवेंट में पहुंचीं। हालांकि, रेड कार्पेट पर उनके सिंपल जींस-टॉप लुक ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी।

जहां दुनियाभर के सितारे मेट गाला की थीम के मुताबिक हैवी और ड्रामेटिक आउटफिट्स में नजर आए, वहीं भाविता शीयर फुल-स्लीव टॉप और ब्लू जींस पहनकर पहुंचीं। उनका यह कैजुअल अंदाज कुछ लोगों को “फ्रेंच मिनिमल एस्थेटिक” लगा, तो कई यूजर्स ने इसे “बहुत बेसिक” बताते हुए ब्रांड को ट्रोल करना शुरू कर दिया।
कौन हैं भाविता मंडावा?
भाविता मंडावा हैदराबाद की रहने वाली हैं। उन्होंने Jawaharlal Nehru Technological University से आर्किटेक्चर की पढ़ाई की। आगे की पढ़ाई के लिए वह न्यूयॉर्क गईं, जहां सबवे में उन्हें मॉडलिंग का ऑफर मिला। इसके बाद उन्होंने कई इंटरनेशनल फैशन ब्रांड्स के साथ काम किया।
भाविता पहली भारतीय मॉडल बनीं जिन्होंने Chanel का शो ओपन किया। इसी उपलब्धि के बाद उन्हें ब्रांड की पहली भारतीय हाउस एंबेसडर बनाया गया।
सोशल मीडिया पर क्यों हो रही चर्चा?
मेट गाला जैसे बड़े फैशन इवेंट में लोगों को भाविता से बेहद यूनिक और एक्सपेरिमेंटल लुक की उम्मीद थी। लेकिन उनका सिंपल डेनिम लुक कई यूजर्स को पसंद नहीं आया। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि इंटरनेशनल ब्रांड ने भारतीय एंबेसडर को जानबूझकर बेहद साधारण स्टाइल दिया।
हालांकि, फैशन एक्सपर्ट्स का एक वर्ग इसे “अंडरस्टेटेड लक्जरी” और “फ्रेंच फैशन स्टेटमेंट” भी बता रहा है।
क्यों खास है भाविता का सफर?
आर्किटेक्चर स्टूडेंट से इंटरनेशनल मॉडल बनने तक का भाविता का सफर काफी प्रेरणादायक माना जा रहा है। मेट गाला 2026 में उनकी मौजूदगी ने भारतीय मॉडल्स की ग्लोबल फैशन इंडस्ट्री में बढ़ती पहचान को भी मजबूत किया है।
