“बंगाल से माफिया राज खत्म करेगी BJP: बाराबनी में CM योगी का TMC पर तीखा हमला”

आवाज़ प्लस | बाराबनी (पश्चिम बंगाल)

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बाराबनी में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला।

सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल “माफिया राज, रंगदारी और भ्रष्टाचार का अड्डा” बन गया है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि अब राज्य को इस स्थिति से बाहर निकालने के लिए बदलाव जरूरी है और इसके लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ही एकमात्र विकल्प है।

“बंगाल में डर और अराजकता का माहौल”

योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि राज्य में आम जनता, युवाओं और महिलाओं के बीच डर का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि टीएमसी शासन में माफिया तत्वों को बढ़ावा मिला है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर हुई है।

उन्होंने अपने भाषण में उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि नौ साल पहले वहां भी इसी तरह की स्थिति थी, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद हालात में सुधार हुआ है। योगी ने कहा कि “डबल इंजन सरकार” ही विकास और सुरक्षा की गारंटी दे सकती है।

भ्रष्टाचार और ‘कट-मनी’ पर निशाना

सीएम योगी ने टीएमसी सरकार पर विकास के लिए भेजे गए फंड में भ्रष्टाचार और ‘कट-मनी’ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा भेजा गया पैसा आम जनता तक नहीं पहुंचता, बल्कि बीच में ही हड़प लिया जाता है।

राष्ट्रीय मुद्दों का भी जिक्र

अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए अनुच्छेद 370 हटाना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह कदम देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने वाला है।

“बीजेपी देगी सुरक्षा और विकास की गारंटी”

रैली के अंत में योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि भाजपा ही राज्य में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित कर सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर न दंगे होंगे और न ही कर्फ्यू जैसी स्थिति पैदा होगी।

पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच इस तरह के तीखे राजनीतिक बयानबाज़ी से सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS