दो भाइयों की दर्दनाक मौत: छोटे को बचाने कूदा बड़ा भाई, खड्ड में डूबने से दोनों मासूमों ने गंवाई जान

सिरमौर, हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। संगड़ाह उपमंडल की नौहराधार तहसील स्थित देवामानल गांव में दो सगे मासूम भाइयों की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, 8 वर्षीय आयन और 9 वर्षीय अभिनव गांव के पास खड्ड किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान संकरे रास्ते से गुजरते समय छोटे भाई आयन का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। भाई को डूबता देख बड़ा भाई अभिनव बिना देर किए उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा।

लेकिन खड्ड में पानी ज्यादा गहरा होने के कारण दोनों बच्चे खुद को संभाल नहीं सके और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस से नौहराधार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही नौहराधार पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। तहसीलदार विनोद कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ भेजा गया है।

एक साथ दो बेटों की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव में हर आंख नम है और लोग मासूम भाइयों की इस दर्दनाक मौत को याद कर भावुक हो रहे हैं।

वहीं, प्रशासन ने बारिश के मौसम में नदी-नालों और खड्डों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने कहा कि लगातार बारिश के चलते जलस्तर बढ़ रहा है, ऐसे में बच्चों को पानी वाले इलाकों से दूर रखें।

Awaz Plus
“हर खबर पर आपकी आवाज”

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS