पंजाब की राजनीति में मशहूर पंजाबी सिंगर और अभिनेता Diljit Dosanjh की एंट्री को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब खुद दिलजीत ने साफ जवाब दे दिया है। बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि दिलजीत दोसांझ पंजाब की राजनीति का नया चेहरा बन सकते हैं, लेकिन सिंगर ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

दरअसल, हाल ही में एक पंजाबी अखबार में लेख प्रकाशित हुआ था, जिसमें सवाल उठाया गया था कि क्या दिलजीत दोसांझ पंजाब की राजनीति में नई भूमिका निभा सकते हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि कुछ सामाजिक और राजनीतिक लोग चाहते हैं कि दिलजीत जैसे लोकप्रिय और जमीन से जुड़े कलाकार राजनीति में आएं।
हालांकि, इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलजीत दोसांझ ने दो टूक शब्दों में कहा कि उनका राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा-
“कदे वी नहीं.. मेरा काम लोगों को एंटरटेन करना है। मैं अपने काम से बहुत खुश हूं। आप सबका बहुत-बहुत धन्यवाद।”
दिलजीत के इस बयान के बाद उनके फैंस के बीच मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई लोगों ने कहा कि राजनीति में जाने के बजाय उनका मनोरंजन की दुनिया में बने रहना बेहतर है। वहीं कई फैंस ने उनके फैसले को ईमानदार और समझदारी भरा बताया।
इन दिनों दिलजीत दोसांझ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में वह अमेरिकी टीवी शो The Tonight Show Starring Jimmy Fallon में नजर आए थे, जहां उन्होंने होस्ट Jimmy Fallon के साथ बातचीत की और भारतीय संस्कृति को लेकर चर्चा की।
इसके अलावा, उनके इंटरनेशनल कॉन्सर्ट टूर भी लगातार चर्चा में हैं। हालांकि, कुछ कार्यक्रमों के दौरान खालिस्तान समर्थक झंडे लहराने को लेकर भी विवाद सामने आए थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई थी।
फिलहाल, दिलजीत दोसांझ ने साफ कर दिया है कि उनका फोकस सिर्फ संगीत, फिल्मों और अपने फैंस का मनोरंजन करने पर है, राजनीति पर नहीं।
