पश्चिम एशिया में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत पर भी दिखाई देने लगा है। हालात को देखते हुए केंद्र सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। ऊर्जा आपूर्ति और जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता की समीक्षा के लिए मंत्रियों के समूह (IGoM) की पांचवीं अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें संभावित जोखिमों और देश की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री Rajnath Singh भी शामिल हुए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में सरकार आवश्यक वस्तुओं और ऊर्जा आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार काम कर रही है।
राजनाथ सिंह ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि लोग शांत रहें और किसी भी तरह की घबराहट से बचें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार आपूर्ति श्रृंखला में किसी प्रकार की रुकावट न आए, इसके लिए ठोस कदम उठा रही है।
रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक चुनौतियों के इस दौर में देशवासियों से सामूहिक भागीदारी की अपील की है। आत्मनिर्भरता और ऊर्जा सुरक्षा की दिशा में यह बेहद महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि मुश्किल वैश्विक परिस्थितियों के बीच भारत मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है और सरकार हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
