देश के 19 राज्यों में तूफान और भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 12 मई को उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 19 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है।

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, उत्तर-पश्चिम और पूर्वी दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। राजधानी लखनऊ समेत कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने का अनुमान है।

बिहार में मौसम का असर और ज्यादा गंभीर रहने की संभावना है। पश्चिमी चंपारण, गया, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज समेत कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। यहां 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पटना में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भी मौसम खराब बना रहेगा। नैनीताल, देहरादून, चमोली और पिथौरागढ़ में तेज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कांगड़ा और चंबा में भी भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है।

इसके अलावा पंजाब, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। राजस्थान के जयपुर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि भोपाल में गर्मी के साथ मौसम में बदलाव का असर बना रहेगा।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS