ओस्लो: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी नॉर्वे दौरे से पहले उनकी वैश्विक लोकप्रियता को लेकर बड़ी चर्चा शुरू हो गई है। नॉर्वे के पूर्व मंत्री और संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) के पूर्व प्रमुख एरिक सोलहाइम ने पीएम मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता बताया है। उन्होंने एक लेख में कहा कि मोदी की नेतृत्व क्षमता और विकास मॉडल से पश्चिमी देशों के नेताओं को सीख लेने की जरूरत है।

एरिक सोलहाइम ने कहा कि भारत में प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता करीब 70 प्रतिशत तक है, जो किसी भी बड़े लोकतांत्रिक देश के नेता से कहीं ज्यादा है। उनके मुताबिक मोदी सिर्फ एक राजनीतिक नेता नहीं बल्कि परिवर्तनकारी नेतृत्व का उदाहरण बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आर्थिक और बुनियादी विकास की ओर बढ़ रहा है।
सोलहाइम ने भारत में हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि देश में आधुनिक एयरपोर्ट, बेहतर सड़कें और बड़े पैमाने पर सौर ऊर्जा परियोजनाएं भारत की नई तस्वीर पेश कर रही हैं। उन्होंने गुजरात के विशाल सोलर पार्क और आंध्र प्रदेश की सौर-हवा-जल विद्युत परियोजनाओं का खास तौर पर जिक्र किया।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने ग्रीन एनर्जी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। सोलहाइम के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी लगातार हरित विकास का संदेश दे रहे हैं और दुनिया को टिकाऊ विकास का नया मॉडल दिखा रहे हैं।
लेख में भारत की राजनीति का भी जिक्र किया गया। सोलहाइम ने कहा कि भारत में हिंदू राष्ट्रवाद एक बड़ी राजनीतिक ताकत बन चुका है और बीजेपी ने समाज के कई वर्गों में अपनी मजबूत पकड़ बनाई है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती विकास के साथ सभी समुदायों को बराबरी से साथ लेकर चलने की होगी।
उन्होंने अंत में कहा कि भारत और नॉर्वे के रिश्ते आने वाले समय में और मजबूत हो सकते हैं, जिससे दोनों देशों को आर्थिक और रणनीतिक फायदा मिलेगा।
