लगातार तीन कारोारी सत्रों की गिरावट के बाद बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में आखिरकार राहत देखने को मिली। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 49 अंकों की बढ़त के साथ 74,608 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 33 अंक चढ़कर 23,412 के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि बढ़त सीमित रही, लेकिन बाजार में लौटी हरियाली ने निवेशकों को राहत जरूर दी है।

मेटल शेयरों में जोरदार तेजी
आज के कारोबार में सबसे ज्यादा चमक मेटल सेक्टर में देखने को मिली। निफ्टी मेटल इंडेक्स 3 प्रतिशत से ज्यादा उछल गया। ग्लोबल मार्केट में कॉपर की कीमतों में तेजी का सीधा फायदा भारतीय मेटल कंपनियों को मिला। चीन में बढ़ती मांग और सप्लाई को लेकर बनी चिंताओं ने धातु बाजार को मजबूती दी, जिससे निवेशकों ने मेटल शेयरों में जमकर खरीदारी की।
ऑयल-गैस और इंफ्रा सेक्टर ने भी दिया साथ
मेटल के अलावा ऑयल एंड गैस, इंफ्रास्ट्रक्चर और कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। गिरावट के बाद निवेशकों ने इन सेक्टरों में वैल्यू बायिंग की। वहीं आईटी और ऑटो शेयरों में कमजोरी बनी रही। निफ्टी आईटी इंडेक्स एक प्रतिशत से ज्यादा टूटा, जबकि ऑटो सेक्टर भी दबाव में नजर आया।
आखिर क्यों सुधरा बाजार?
बीते चार कारोबारी सत्रों में बाजार करीब 4 प्रतिशत तक गिर चुका था। ऐसे में निवेशकों ने निचले स्तरों पर खरीदारी शुरू की, जिससे बाजार को सपोर्ट मिला। इसके अलावा एशियाई बाजारों से मिले मजबूत संकेतों ने भी घरेलू बाजार का मूड बेहतर किया। जापान, दक्षिण कोरिया, हांगकांग और चीन के बाजारों में तेजी का असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दिया।
23,400 का स्तर बना बड़ा सहारा
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक निफ्टी को 23,400 के स्तर पर मजबूत तकनीकी सपोर्ट मिला। इसी स्तर से बाजार में रिकवरी शुरू हुई। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर निफ्टी 23,400 के ऊपर बना रहता है, तो आने वाले दिनों में यह 23,500 से 23,600 तक जा सकता है।
निवेशकों में अभी भी सतर्कता
हालांकि बाजार में तेजी लौटी है, लेकिन निवेशकों की चिंता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। इंडिया VIX बढ़कर 19.42 पर पहुंच गया है, जो बाजार में अस्थिरता और सतर्कता का संकेत माना जाता है। ऐसे में निवेशक फिलहाल संभलकर दांव लगा रहे हैं।
