नई दिल्ली: भारत के सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को आतंकवाद को लेकर कड़ा संदेश दिया है। ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर आयोजित एक कार्यक्रम में सेना प्रमुख ने साफ कहा कि अगर पाकिस्तान आतंकियों को पनाह देना और भारत विरोधी गतिविधियां जारी रखता है, तो उसे तय करना होगा कि वह “भूगोल का हिस्सा बना रहना चाहता है या इतिहास का।”

आतंकवाद पर भारत का सख्त रुख
दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जब जनरल उपेंद्र द्विवेदी से पूछा गया कि अगर फिर से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी स्थिति बनती है तो भारतीय सेना की प्रतिक्रिया क्या होगी, इस पर उन्होंने बेहद सख्त अंदाज में जवाब दिया। सेना प्रमुख ने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम है और देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान लगातार आतंकियों को समर्थन देता रहा है और अगर उसने अपनी हरकतें नहीं बदलीं, तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे
गौरतलब है कि पिछले साल 6 और 7 मई की रात भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी ठिकानों पर बड़ा सैन्य अभियान चलाया था, जिसे “ऑपरेशन सिंदूर” नाम दिया गया। यह कार्रवाई पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें कई निर्दोष पर्यटक मारे गए थे।
भारतीय सेना ने इस ऑपरेशन के दौरान आतंकियों के कई लॉन्च पैड और ठिकानों को सटीक हमलों में तबाह कर दिया था। भारत की इस कार्रवाई के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख की चर्चा हुई थी।
पाकिस्तान के लिए स्पष्ट संदेश
सेना प्रमुख का यह बयान ऐसे समय आया है जब सीमा पार से आतंकवादी गतिविधियों को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है। माना जा रहा है कि जनरल द्विवेदी का यह बयान पाकिस्तान को सीधी और कड़ी चेतावनी है कि भारत अब हर चुनौती का जवाब निर्णायक तरीके से देने के लिए तैयार है।
