मलकानगिरी (ओडिशा):
ओडिशा के मलकानगिरी जिले में प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 एकड़ से अधिक सरकारी जमीन को मुक्त कराया है। यह अभियान रविवार को मोटू इलाके के इस्लाम नगर में चलाया गया, जहां पिछले करीब 20 वर्षों से जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था।

प्रशासन को लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों के मुताबिक, एक प्रभावशाली व्यक्ति मासूम खान ने सरकारी जमीन पर न सिर्फ पक्के मकान बना लिए थे, बल्कि वहां तालाब बनाकर खेती भी शुरू कर दी थी।
संयुक्त अभियान के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई में एक तीन मंजिला इमारत, पांच मकान और एक गोदाम को पूरी तरह तोड़ दिया गया।
प्रशासन का कहना है कि कब्जा की गई जमीन पूरी तरह सरकारी और वन भूमि थी, जिस पर अवैध रूप से निर्माण किया गया था। कार्रवाई के बाद अब करीब 22 एकड़ जमीन दोबारा सरकारी नियंत्रण में ले ली गई है।
अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। हालांकि, इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल देखी जा रही है।
अधिकारियों ने साफ किया है कि यह अभियान पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत चलाया गया है और भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
(आवाज़ प्लस)
