मालदा (पश्चिम बंगाल): विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र चुनाव आयोग ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपना लिया है। मालदा जिले के मोथाबाड़ी इलाके में हाल ही में हुई घटना के बाद आयोग ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पुलिस पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया है कि संवेदनशील या तनावपूर्ण स्थिति बनने की आशंका होने पर तुरंत केंद्रीय बलों को बुलाया जाए। आयोग ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि ऐसी स्थिति में 30 मिनट के भीतर केंद्रीय बलों की तैनाती हो, ताकि हालात बिगड़ने से पहले ही नियंत्रण पाया जा सके।

आयोग के मुताबिक, चुनाव के दौरान शांति और निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस और केंद्रीय बलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया है।
चुनाव आयोग ने साफ किया है कि किसी भी प्रकार की हिंसा, गड़बड़ी या अव्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। साथ ही, ऐसे मामलों में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चुनाव आयोग का यह कदम पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
