पटना/नई दिल्ली:
बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव होने के संकेत मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राजनीतिक अध्याय अब नए मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। सूत्रों के मुताबिक, वे जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं और सक्रिय रूप से राष्ट्रीय राजनीति में भूमिका निभाते हुए राज्यसभा का रुख करेंगे।

जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले सकते हैं, जिसके लिए वे दिल्ली पहुंच चुके हैं। शपथ ग्रहण के बाद वे उसी दिन शाम तक पटना लौट सकते हैं।
15 अप्रैल को मिल सकता है नया मुख्यमंत्री
राजनीतिक घटनाक्रम के अनुसार, 13 अप्रैल को बिहार कैबिनेट की बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद 14 अप्रैल को नीतीश कुमार इस्तीफा दे सकते हैं। उसी दिन NDA विधायक दल और सहयोगी दलों की बैठक होगी, जिसमें नए नेता का चयन किया जाएगा।
15 अप्रैल को पटना के गांधी मैदान में नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने की संभावना है।
क्या भाजपा का होगा नया चेहरा?
बिहार में सत्ता परिवर्तन को लेकर भाजपा की भूमिका अहम मानी जा रही है। भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन ने संकेत दिया है कि गठबंधन में किसी तरह का मतभेद नहीं है और जल्द ही मुख्यमंत्री के नाम व शपथ की तारीख का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा।
संभावित नामों की बात करें तो सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। वहीं, नित्यानंद राय का नाम भी चर्चा में बना हुआ है। हालांकि अंतिम निर्णय NDA की बैठक में सर्वसम्मति से लिया जाएगा।
राजनीतिक समीकरण पर नजर
नीतीश कुमार के संभावित इस्तीफे के बाद बिहार की राजनीति नए दौर में प्रवेश करेगी। जदयू और भाजपा के बीच तालमेल किस दिशा में जाता है और नया नेतृत्व राज्य को कैसे दिशा देता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
(आवाज़ प्लस के लिए विशेष रिपोर्ट)
#BiharPolitics #NitishKumar #BJPGovernment #NDA #BreakingNews #AwazPlus
