नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कोरोना काल में अपने प्राणों की आहुति देने वाले फ्रंटलाइन वर्कर्स को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वर्षों से लंबित आर्थिक सहायता को जारी करते हुए 6 परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की राशि प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आर्थिक सहायता भले ही अपूरणीय क्षति की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन यह सरकार की ओर से सम्मान और कृतज्ञता का एक प्रतीकात्मक प्रयास है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार हर परिस्थिति में इन परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
इस अवसर पर दिल्ली पुलिस ट्रैफिक यूनिट के एएसआई राधे श्याम के परिवार को भी 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि सौंपी गई। राधे श्याम ने कोरोना काल के दौरान ड्यूटी निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि कोरोना योद्धाओं का त्याग और समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। सरकार उनके योगदान को सम्मानित करने और उनके परिवारों की हर संभव मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आगे कहा कि यह पहल केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन सभी कर्मयोगियों के प्रति श्रद्धा और संकल्प का प्रतीक है, जिन्होंने मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
(डिजिटल आवाज प्लस)
