दिल्ली: 15वीं मंजिल से कूदकर हाई कोर्ट के वकील ने दी जान, सीपी के होटल में ठहरे थे अकेले

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित एक होटल से रविवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 26 वर्षीय दिल्ली हाई कोर्ट के वकील ने 15वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान महावीर एन्क्लेव निवासी राजेश सिंह के रूप में हुई है। वह रविवार शाम को ही कनॉट प्लेस स्थित रॉयल प्लाजा होटल में ठहरने आया था और कमरे में अकेला था। रात करीब 9:15 बजे होटल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पता चला कि युवक ने होटल की 15वीं मंजिल से छलांग लगा दी थी।

घटना के तुरंत बाद उसे इलाज के लिए लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों ने फिलहाल किसी साजिश की आशंका से इनकार किया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS