लखनऊ: Akhilesh Yadav ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा ऐलान किया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अगर प्रदेश में उनकी सरकार बनती है तो जनता को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन देने की योजना लागू की जाएगी।

प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2027 में बीजेपी को सत्ता से बाहर करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने और आपसी तालमेल मजबूत करने की अपील की।
स्मार्ट मीटर को लेकर सरकार पर हमला
अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिजली बिलों में बढ़ोतरी और गलत रीडिंग के कारण आम लोग परेशान हैं। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि ठेकों में भ्रष्टाचार के कारण जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता अब इन मुद्दों को समझ चुकी है और महंगी बिजली व गैस सिलेंडर के कारण सरकार के खिलाफ नाराजगी बढ़ रही है।
बीजेपी पर साधा निशाना
सपा प्रमुख ने बीजेपी को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि पार्टी ने अपने संगठन में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दिया। उन्होंने कहा कि सपा ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के माध्यम से सभी वर्गों को साथ लाने और उन्हें उचित अवसर देने की दिशा में काम कर रही है।
सपा सरकार बनने का दावा
अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि आने वाले चुनाव में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी और बीजेपी को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और सपा उस बदलाव का विकल्प बनकर उभरेगी।
