6 दिन के लिए दिल्ली से शिमला शिफ्ट होगा राष्ट्रपति कार्यालय, 175 साल पुरानी इमारत में रहेंगी राष्ट्रपति

आवाज़ प्लस | राष्ट्रीय खबर

शिमला: देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 अप्रैल से 2 मई तक हिमाचल प्रदेश के शिमला प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान राष्ट्रपति सचिवालय अस्थायी रूप से राजधानी दिल्ली से शिमला शिफ्ट होकर कार्य करेगा। छह दिनों तक राष्ट्रपति कार्यालय की सभी अहम फाइलें और प्रशासनिक गतिविधियां शिमला से संचालित होंगी।

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति का आधिकारिक निवास केवल तीन स्थानों पर है—दिल्ली, शिमला और हैदराबाद। शिमला प्रवास के दौरान राष्ट्रपति राष्ट्रपति निवास मशोबरा में ठहरेंगी, जिसे ऐतिहासिक रूप से “द रिट्रीट” के नाम से भी जाना जाता है।

175 साल पुरानी धरोहर इमारत
मशोबरा स्थित यह राष्ट्रपति निवास करीब 175 साल पुराना है और अपनी विशेष ‘धज्जी’ निर्माण शैली के लिए प्रसिद्ध है। लकड़ी और मिट्टी से बनी इस संरचना की खासियत यह है कि यह भूकंपरोधी मानी जाती है। साथ ही यह इमारत मौसम के अनुसार खुद को ढाल लेती है—गर्मियों में ठंडी और सर्दियों में गर्माहट बनाए रखती है।

प्राकृतिक सौंदर्य और आकर्षण का केंद्र
राष्ट्रपति निवास परिसर में 300 से अधिक सेब के पौधों वाला बागीचा मौजूद है, जिसमें विदेशी किस्में भी शामिल हैं। इसके अलावा यहां आकर्षक ट्यूलिप गार्डन भी है, जिसका उद्घाटन स्वयं राष्ट्रपति ने पूर्व में किया था। हरियाली से घिरे इस परिसर से 360 डिग्री का मनोरम दृश्य दिखाई देता है, जो इसे खास बनाता है।

पर्यटकों के लिए अस्थायी बंद
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए फिलहाल राष्ट्रपति निवास मशोबरा को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। यह स्थल 3 मई से पुनः आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
हिमाचल प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन ने राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा, आवास और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।

(आवाज़ प्लस रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS