टोरंटो/वुडस्टॉक: कनाडा के ओंटारियो प्रांत के वुडस्टॉक शहर में एक बुजुर्ग सिख व्यक्ति पर नस्लीय हमला किए जाने का मामला सामने आया है। Toronto Police Service ने इस घटना को “हेट-मोटिवेटेड असॉल्ट” बताते हुए जांच शुरू की है।

घटना 22 अप्रैल की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग सिख व्यक्ति फुटपाथ पर टहल रहे थे, तभी एक युवक उनके पास आया और अचानक उन्हें धक्का दे दिया। आरोपी ने उनकी धार्मिक पहचान को लेकर अपमानजनक और नस्लभेदी टिप्पणियां कीं।
बिना उकसावे किया हमला
पुलिस के अनुसार, यह हमला पूरी तरह से बिना किसी उकसावे के किया गया। युवक ने पीड़ित को धक्का देने के बाद अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया और चिल्लाते हुए कहा—
“तुम मेरे देश में क्या कर रहे हो? यहां से निकल जाओ।”
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हमले में बुजुर्ग को कोई गंभीर शारीरिक चोट नहीं आई।
स्कूल परिसर में घुसकर भागा आरोपी
हमले के बाद आरोपी मौके से भाग गया और पास स्थित Turtle Island School के परिसर में घुस गया। वहां से वह फरार हो गया, हालांकि इस दौरान किसी छात्र को नुकसान नहीं पहुंचा।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। उसे हिरासत में लेकर जमानत की प्रक्रिया शुरू की गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरोपी को बुजुर्ग पर चिल्लाते हुए साफ देखा जा सकता है।
सिख संगठन ने जताई चिंता
World Sikh Organisation (WSO) ने इस घटना को “अस्वीकार्य” बताया है और कहा है कि हाल के समय में एंटी-सिख नफरत से जुड़े मामलों में वृद्धि देखी जा रही है।
संगठन ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई, बेहतर रिपोर्टिंग सिस्टम और जन-जागरूकता बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस का बयान
वुडस्टॉक पुलिस ने कहा कि उनके समुदाय में नफरत के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर कोई भी व्यक्ति इस तरह की घटना का गवाह बनता है या खुद इसका शिकार होता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करे।
कनाडा जैसे बहुसांस्कृतिक देश में इस तरह की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से यह संदेश जरूर गया है कि नफरत फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा।
