भारतीय टेलीविजन इतिहास के सबसे चर्चित धारावाहिकों में शामिल बीआर चोपड़ा की ‘महाभारत’ आज भी लोगों के दिलों में खास जगह रखती है। 80 के दशक में प्रसारित इस पौराणिक शो ने दर्शकों को ऐसा बांधा कि इसके प्रसारण के समय सड़कें तक सूनी हो जाती थीं। शो के हर किरदार ने अपनी दमदार अभिनय से अलग पहचान बनाई, लेकिन कौरवों की माता गांधारी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री रेणुका इसरानी ने अपनी अदाकारी से खास छाप छोड़ी।

22 साल की उम्र में बनीं गांधारी
रेणुका इसरानी ने जब ‘महाभारत’ में गांधारी का किरदार निभाया, तब उनकी उम्र महज 22 साल थी। इतनी कम उम्र में 100 पुत्रों की मां का गंभीर और भावनात्मक किरदार निभाना किसी चुनौती से कम नहीं था। खास बात यह भी रही कि दुर्योधन का किरदार निभाने वाले अभिनेता पुनीत इस्सर उम्र में उनसे बड़े थे, लेकिन स्क्रीन पर रेणुका ने अपने अभिनय से हर किसी को प्रभावित कर दिया।
गांधारी के त्याग, पीड़ा और भावनाओं को उन्होंने इतने प्रभावशाली तरीके से पर्दे पर उतारा कि दर्शक आज भी उनके अभिनय को याद करते हैं। उनकी सादगी और दमदार संवाद अदायगी ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई।
पढ़ाई और थिएटर से बनाई अलग पहचान
रेणुका इसरानी केवल अभिनय ही नहीं बल्कि पढ़ाई में भी काफी आगे थीं। उन्होंने जयपुर के महारानी कॉलेज से शिक्षा हासिल की और बाद में दिल्ली में थिएटर के जरिए अपने अभिनय को निखारा। ‘महाभारत’ की सफलता के बाद उन्होंने कई चर्चित टीवी शोज में काम किया, जिनमें ‘देवी’, ‘घराना’, ‘कभी तो मिलेंगे’ और ‘जी हॉरर शो’ जैसे धारावाहिक शामिल हैं।
38 साल बाद बदल गया लुक
‘महाभारत’ के प्रसारण को अब लगभग 38 साल हो चुके हैं। समय के साथ रेणुका इसरानी के लुक में भी काफी बदलाव आया है। अब 59 साल की हो चुकीं अभिनेत्री को पहली नजर में पहचान पाना आसान नहीं है। हालांकि उनके चेहरे की सादगी और मुस्कान आज भी वैसी ही बरकरार है।
इन दिनों रेणुका ग्लैमर की दुनिया से दूर शांत जीवन बिता रही हैं। वे सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से जुड़ी रहती हैं और समय-समय पर अपनी तस्वीरें और जिंदगी की झलक साझा करती रहती हैं।
#AwazPlus #Mahabharat #Gandhari #RenukaIsrani #TVNews #EntertainmentNews
