झारखंड के धनबाद जंक्शन से एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक दबंग युवक दूसरे युवक की बेरहमी से पिटाई करता दिखाई दे रहा है। घटना प्लेटफॉर्म नंबर 7-8 की बताई जा रही है, जहां यात्रियों की मौजूदगी के बीच यह पूरी वारदात हुई।

जमीन पर पटककर सिर पर चढ़ा आरोपी
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि टी-शर्ट और हाफ पैंट पहने युवक ने पहले पीड़ित पर ताबड़तोड़ मुक्के बरसाए। इसके बाद उसने युवक को जमीन पर पटक दिया और उसके सिर पर पैर रखकर बेरहमी से लातें मारने लगा। स्टेशन पर भारी भीड़ मौजूद रही, लेकिन कोई भी व्यक्ति शुरुआत में पीड़ित को बचाने आगे नहीं आया।
महिला ने दिखाई बहादुरी
मारपीट बढ़ती देख एक महिला ने हिम्मत दिखाते हुए बीच-बचाव किया। महिला के हस्तक्षेप के बाद पीड़ित युवक किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर रेल पटरियों की ओर भागा और अपनी जान बचाई। महिला की बहादुरी की सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है।
RPF और GRP की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। संवेदनशील माने जाने वाले धनबाद जंक्शन पर घटना के दौरान RPF और GRP जवान समय रहते मौके पर नहीं पहुंच सके, जिससे लोगों में नाराजगी है।
रेलवे प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
रेल एसपी मूमल राजपुरोहित ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का लग रहा है। दोनों युवक स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस को पूरे मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
Awaz Plus
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। लोग रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
