LSG vs RCB: विराट बनाम पंत की टक्कर में किसका होगा पलड़ा भारी? आज इकाना में करो या मरो की जंग

आईपीएल 2026 में आज लखनऊ के इकाना स्टेडियम में एक बेहद अहम मुकाबला खेला जाएगा, जहां लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने होंगी। एलएसजी के लिए यह मैच करो या मरो जैसा है। टीम पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है और अगर आज हार मिली तो उसकी बची हुई उम्मीदों पर भी आधिकारिक तौर पर विराम लग सकता है। वहीं आरसीबी की नजरें जीत के साथ अंक तालिका में नंबर-1 स्थान पर पहुंचने पर होंगी। मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा।

एलएसजी की हालत खराब, लगातार हार से बढ़ा दबाव

लखनऊ सुपर जायंट्स का इस सीजन प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने अब तक खेले गए 9 मुकाबलों में केवल 2 जीत दर्ज की हैं और सिर्फ 4 अंक लेकर अंक तालिका में सबसे नीचे संघर्ष कर रही है। कप्तान ऋषभ पंत का बल्ला शांत है, जबकि बड़े खिलाड़ियों से भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं मिला। टीम लगातार हार के दौर से गुजर रही है और अब हर मैच उसके लिए फाइनल जैसा बन गया है।

आरसीबी की नजर टॉप पर, विराट कोहली से फिर बड़ी उम्मीद

दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु शानदार लय में दिखाई दे रही है। टीम फिलहाल अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है, लेकिन आज जीत मिलने पर वह सीधे पहले नंबर पर पहुंच सकती है। विराट कोहली लगातार रन बना रहे हैं और टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ बने हुए हैं। रजत पाटीदार मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन जोड़ रहे हैं, जबकि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की गेंदबाजी विपक्षी टीमों पर भारी पड़ रही है।

हालांकि फिल साल्ट चोट के कारण बाहर हो चुके हैं, लेकिन उनकी जगह आए जैकब बेथेल से टीम को बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।

पंत और पूरन पर निगाहें, लेकिन दबाव भारी

एलएसजी के लिए सबसे बड़ी चिंता कप्तान ऋषभ पंत की फॉर्म है। पंत इस सीजन रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए हैं और लगातार बढ़ता दबाव उनके खेल में भी दिखाई दे रहा है। निकोलस पूरन ने पिछले मुकाबले में कुछ आक्रामक शॉट जरूर लगाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। ऐसे में आज दोनों बल्लेबाजों को बड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी।

आंकड़ों में आरसीबी आगे

एलएसजी और आरसीबी के बीच अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 5 मैच आरसीबी ने जीते हैं, जबकि केवल 2 बार लखनऊ की टीम सफल रही है। इसी सीजन 15 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में भी आरसीबी ने एलएसजी को 5 विकेट से हराया था।

इकाना की पिच और मौसम का हाल

लखनऊ की इकाना पिच पर आमतौर पर बड़े स्कोर देखने को नहीं मिलते। यहां 180 रन का स्कोर भी चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।

किसका पलड़ा भारी?

मौजूदा फॉर्म और टीम संतुलन को देखते हुए आरसीबी का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। लेकिन टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर खड़ी एलएसजी के पास खोने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है। ऐसे में टीम पूरी ताकत के साथ पलटवार कर सकती है और मुकाबले को रोमांचक बना सकती है। विराट कोहली और ऋषभ पंत की यह टक्कर आज आईपीएल फैंस के लिए बड़ा आकर्षण रहने वाली है।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS