देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाकों में प्रीमियम घरों की डिमांड तेजी से बढ़ रही है। खासकर दक्षिणी दिल्ली में रियल एस्टेट बाजार ने जबरदस्त रफ्तार पकड़ ली है। गोल्डन ग्रोथ फंड की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी से मार्च तिमाही के दौरान दक्षिण दिल्ली में पूरे फ्लोर की कीमतों में 32 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण दिल्ली के ‘Category B’ इलाकों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली, जहां प्रॉपर्टी की कीमतें 23 से 32 प्रतिशत तक बढ़ीं। वहीं ‘Category A’ इलाकों में भी 14 से 22 प्रतिशत तक का उछाल दर्ज किया गया।
कीमतों की बात करें तो ‘Category A’ इलाकों में एक फ्लोर की कीमत अब करीब 19.5 करोड़ रुपये से 40 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। जबकि ‘Category B’ इलाकों में यही कीमत 10.65 करोड़ रुपये से 16.5 करोड़ रुपये के बीच है।
‘Category A’ में वसंत विहार, पंचशील पार्क, चाणक्यपुरी, गोल्फ लिंक, जोर बाग और सुंदर नगर जैसे हाई-प्रोफाइल इलाके शामिल हैं। वहीं ग्रेटर कैलाश, ग्रीन पार्क, डिफेंस कॉलोनी, सफदरजंग एन्क्लेव और कैलाश कॉलोनी जैसे इलाके ‘Category B’ में आते हैं।
गोल्डन ग्रोथ फंड के सीईओ अंकुर जालान का कहना है कि दक्षिण दिल्ली के प्रीमियम हाउसिंग मार्केट में खरीदारों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। दिल्ली के दूसरे हिस्सों से भी लोग अब इन पॉश इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं।
दिल्ली नगर निगम यानी MCD ने राजधानी को A से H तक कुल 8 कैटेगरी में बांटा हुआ है। इन्हीं कैटेगरी के आधार पर सर्किल रेट, स्टाम्प ड्यूटी और प्रॉपर्टी टैक्स तय किए जाते हैं।
दक्षिण दिल्ली का रियल एस्टेट बाजार अब निवेशकों और हाई-नेटवर्थ खरीदारों के लिए बड़ा आकर्षण बनता जा रहा है।
