यूपी: 80 साल के बुजुर्ग ने पत्नी की कुल्हाड़ी से की हत्या, खुद थाने पहुंचकर बोला- “मैंने उसे काट दिया”

गाजियाबाद के मुरादनगर इलाके में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां 80 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी 72 साल की पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद पुलिस चौकी पहुंच गया और कहा— “मैंने अपनी पत्नी को काट दिया है।”

तड़के 4 बजे की घटना

पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार तड़के करीब 4 बजे की है। आरोपी हरपाल, निवासी रावली कला, थाना मुरादनगर, सीधे चौकी पहुंचा और पत्नी की हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां वृद्धा उर्मिला का शव खून से लथपथ चारपाई पर पड़ा मिला।

बताया जा रहा है कि महिला के सिर, गर्दन और कान के पास कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बेटी के घर रह रहा था दंपति

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग दंपति अपनी बेटी के घर रह रहे थे। घर में उस समय नाती कुणाल और अजय मौजूद थे, जबकि बेटी और दामाद मेरठ गए हुए थे।

नाती कुणाल ने पुलिस को बताया कि नाना हरपाल की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। रात में दोनों बाहर सो रहे थे, जबकि बाकी लोग कमरे के अंदर थे।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने आरोपी हरपाल को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में मानसिक स्थिति समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS