हॉरर फिल्मों का दौर जब अपने चरम पर था, तब एक चेहरा ऐसा था जिसे देखकर दर्शकों की रूह कांप जाती थी। यह चेहरा था अभिनेता अनिरुद्ध अग्रवाल का, जिन्होंने बॉलीवुड में ज्यादातर राक्षस और खलनायक के किरदार निभाकर अलग पहचान बनाई। खास बात यह है कि अनिरुद्ध अग्रवाल कोई साधारण कलाकार नहीं थे, बल्कि उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT Roorkee से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी।

इंजीनियरिंग छोड़ एक्टिंग में रखा कदम
देहरादून में जन्मे अनिरुद्ध अग्रवाल पढ़ाई में बेहद तेज थे। परिवार की इच्छा पर उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की और बाद में मुंबई पहुंचकर अभिनय की दुनिया में किस्मत आजमाई। हालांकि, उनकी जिंदगी ने अचानक बड़ा मोड़ तब लिया जब उन्हें पिट्यूटरी ग्रंथि में ट्यूमर की समस्या हो गई। इस बीमारी के कारण उनकी लंबाई असामान्य रूप से बढ़ने लगी और चेहरे की बनावट भी बदल गई।
यही अलग लुक आगे चलकर उनके फिल्मी करियर की पहचान बन गया।
रामसे ब्रदर्स की पहली पसंद बने अनिरुद्ध
1984 में रिलीज हुई हॉरर फिल्म Purana Mandir से अनिरुद्ध अग्रवाल ने बॉलीवुड डेब्यू किया। फिल्म में उन्होंने ‘शैतान’ का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। बताया जाता है कि Ramsay Brothers ने उन्हें देखकर तुरंत फिल्म के लिए चुन लिया था, क्योंकि उनके चेहरे पर किसी भारी मेकअप की जरूरत ही नहीं पड़ती थी।
एक इंटरव्यू में अनिरुद्ध ने कहा था कि लोग उन्हें सड़क पर देखकर मुड़कर जरूर देखते थे और यही अलग पहचान उन्हें फिल्मों में काम दिलाने लगी।
कई फिल्मों में निभाए डरावने किरदार
अनिरुद्ध अग्रवाल ने अपने करियर में कई चर्चित फिल्मों में काम किया। इनमें Bandh Darwaza, Trimoorti, Mela और Talaash: The Hunt Begins जैसी फिल्में शामिल हैं। आमिर खान की फिल्म ‘मेला’ में भी उनका किरदार चर्चा में रहा था।
हालांकि, लंबे समय से अनिरुद्ध अग्रवाल फिल्मी दुनिया से दूर हैं, लेकिन हिंदी हॉरर फिल्मों में निभाए गए उनके किरदार आज भी दर्शकों को याद हैं।
