आकाश सिंह के ‘चिट सेलिब्रेशन’ पर मचा बवाल, डेल स्टेन और अंबाती रायुडू ने लगाई फटकार

IPL 2026 में खिलाड़ियों के अलग-अलग सेलिब्रेशन लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं, लेकिन इस बार लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज आकाश सिंह का ‘चिट सेलिब्रेशन’ विवादों में आ गया है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए आकाश सिंह ने 26 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, लेकिन विकेट लेने के बाद जेब से पर्ची निकालकर दिखाने का उनका अंदाज कई दिग्गज क्रिकेटरों को बिल्कुल पसंद नहीं आया।

मैच के दौरान हर विकेट के बाद आकाश सिंह अपनी जेब से एक छोटी पर्ची निकालते नजर आए। बाद में पता चला कि उस पर्ची पर लिखा था – “#Akkionfire, आकाश जानता है कि T20 मैच में विकेट कैसे लिए जाते हैं।” हालांकि यह सेलिब्रेशन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, लेकिन क्रिकेट जगत में इसे लेकर बहस छिड़ गई।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर Ambati Rayudu ने ESPNcricinfo पर इस सेलिब्रेशन की जमकर आलोचना की। रायुडू ने तंज कसते हुए कहा कि वह यह जानना चाहते हैं कि आकाश को आखिर कब लगा कि यह टीवी पर बहुत कूल दिखेगा। उन्होंने कहा कि यह थोड़ा मजाकिया और काफी हद तक बकवास है। रायुडू ने यहां तक कह दिया कि खिलाड़ियों को मैदान पर ऐसी पर्चियां लाने की अनुमति ही नहीं होनी चाहिए और इस तरह के सेलिब्रेशन पर बैन लगा देना चाहिए।

वहीं दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज Dale Steyn ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी नाराजगी जाहिर की। स्टेन ने लिखा कि अब समय आ गया है कि इन पर्चियों को बंद किया जाए। उनके मुताबिक यह कभी ट्रेंड में था ही नहीं।

हालांकि आलोचनाओं के बावजूद आकाश सिंह अपने सेलिब्रेशन के समर्थन में खड़े नजर आए। उन्होंने साफ कहा कि यह उन्हें मोटिवेट करता है और वह इसे जारी रखेंगे। आकाश के मुताबिक मैच के दौरान जो चीज उन्हें आत्मविश्वास और ऊर्जा देती है, वह उसे करते रहेंगे।

दिलचस्प बात यह है कि IPL 2026 में ‘चिट सेलिब्रेशन’ नया ट्रेंड बनता जा रहा है। इससे पहले उर्विल पटेल और रघु शर्मा भी इसी तरह का सेलिब्रेशन करते दिखाई दे चुके हैं। अब देखना होगा कि आने वाले मैचों में यह ट्रेंड जारी रहता है या दिग्गजों की आलोचना के बाद खिलाड़ी इससे दूरी बनाते हैं।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS