आज राज्यसभा सांसद बनेंगे Nitish Kumar, शपथ के बाद PM से मुलाकात संभव

आवाज़ प्लस | पॉलिटिकल डेस्क

नई दिल्ली: बिहार की राजनीति में आज बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar आज दिल्ली में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक, वे दोपहर 12:15 बजे शपथ ग्रहण करेंगे। इसके लिए संसद भवन में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण के बाद नीतीश कुमार प्रधानमंत्री Narendra Modi से मुलाकात भी कर सकते हैं। इस दौरान उनके साथ जेडीयू नेता ललन सिंह और संजय झा भी मौजूद रहेंगे।

बिहार में सत्ता परिवर्तन के संकेत

नीतीश कुमार के इस कदम को बिहार में संभावित सत्ता परिवर्तन के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। दिल्ली में आज बिहार बीजेपी कोर ग्रुप की अहम बैठक भी होनी है, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है। सूत्रों की मानें तो 15 अप्रैल को नए सीएम का शपथ ग्रहण संभव है।

20 साल बाद केंद्र की राजनीति में वापसी

गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने हाल ही में अपनी एमएलसी सीट से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद उनके राज्यसभा जाने की अटकलें तेज हो गई थीं। साल 2005 से लगातार (बीच में कुछ समय को छोड़कर) बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार अब करीब दो दशकों बाद सक्रिय रूप से केंद्र की राजनीति में वापसी कर रहे हैं।

नीतीश का बयान

दिल्ली पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में नीतीश कुमार ने कहा, “20 साल तक बिहार में काम किया, अब दिल्ली में भी काम करेंगे। इसलिए यहां वापस आए हैं।”

उनके इस बयान से साफ संकेत मिल रहे हैं कि बिहार में नेतृत्व परिवर्तन जल्द ही हो सकता है।

NDA में एकजुटता का दावा

वहीं, बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और सभी दल मिलकर नीतीश कुमार के विकास मॉडल को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


(आवाज़ प्लस के लिए विशेष रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS