नोएडा/ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध नगर के औद्योगिक क्षेत्रों में फैक्ट्री श्रमिकों के उग्र प्रदर्शन के बाद अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन और कंपनियों के बीच हुई बातचीत के बाद श्रमिकों की प्रमुख मांगें मान ली गई हैं, जिसके चलते बड़ी संख्या में मजदूर दोबारा काम पर लौट आए हैं।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि श्रमिकों की सैलरी बढ़ाने, ओवरटाइम का भुगतान सुनिश्चित करने और कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए कमेटी बनाने जैसे मुद्दों पर सहमति बन गई है। कंपनियों द्वारा बढ़ी हुई सैलरी से जुड़े नोटिस भी फैक्ट्रियों के बाहर चस्पा कर दिए गए हैं।
7 एफआईआर दर्ज, कई गिरफ्तार
प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के मामलों में अब तक कुल 7 एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही, कुछ संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी पहचान की गई है, जिनके जरिए लोगों को भड़काने की कोशिश की जा रही थी।
बाहरी लोगों की भूमिका की जांच जारी
जांच में सामने आया है कि कुछ गिरफ्तार लोग संबंधित फैक्ट्रियों के नियमित कर्मचारी नहीं थे, जबकि कुछ ने हाल ही में नौकरी ज्वाइन की थी। इन पर प्रदर्शन को उकसाने का संदेह है। इनमें कुछ लोग अन्य राज्यों से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। हालांकि, बाहरी या अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला है।
इलाके में कड़ी निगरानी, शांति की अपील
नोएडा फेस-2 सहित संवेदनशील इलाकों में पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस कमिश्नर ने आम जनता और श्रमिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी तरह की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
