नीतीश कुमार को Z+ सुरक्षा, दिल्ली में नया सरकारी बंगला आवंटित

आवाज़ प्लस | विशेष समाचार

पटना/नई दिल्ली: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार को Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। यह फैसला उनके राज्यसभा सदस्य बनने के बाद बिहार स्पेशल सिक्योरिटी एक्ट-2000 के तहत लिया गया है। साथ ही उन्हें नई दिल्ली में सुनहरी बाग रोड स्थित बंगला नंबर-9 आवंटित किया गया है, जो VIII कैटेगरी का सरकारी आवास है। इससे पहले वे 6, कामराज लेन स्थित बंगले में रह रहे थे।

इस्तीफे के बाद बदला सियासी परिदृश्य

नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने इस्तीफा देने से पहले अपना मंत्रिमंडल भी भंग कर दिया था। वे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री विजय चौधरी के साथ लोक भवन पहुंचे और मात्र सात मिनट में इस्तीफा सौंपकर वापस लौट गए।

इसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार बनाने का दावा पेश किया। अब स्पष्ट हो चुका है कि सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे।

बिहार में पहली बार BJP की अगुआई वाली सरकार

243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में भाजपा 89 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास कुल 202 विधायकों का समर्थन है, जिसमें जेडीयू, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं।

यह पहली बार है जब बिहार में भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है।

तेजस्वी यादव का आरोप

वहीं, विपक्ष के नेता और राजद के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव ने इस पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार को उनकी ही पार्टी के कुछ नेताओं के दबाव में मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा।

तेजस्वी यादव ने कहा कि यह “सियासी सौदा” पहले ही तय हो चुका था, लेकिन इसे विधानसभा चुनावों तक सार्वजनिक नहीं किया गया ताकि इसका असर चुनाव परिणामों पर न पड़े।

नीतीश कुमार के इस्तीफे, Z+ सुरक्षा और दिल्ली में नए आवास के साथ बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अब राज्य में भाजपा के नेतृत्व में नई सरकार बनने के साथ सियासी समीकरण पूरी तरह बदल चुके हैं।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS