सट्टेबाजी की लत, पैसों की लालच और खौफनाक साजिश—दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या ने देश को झकझोरा

नई दिल्ली:
दक्षिण दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में 22 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। यह युवती एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की बेटी थी और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थी। इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी राहुल मीणा को साकेत कोर्ट ने चार दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भयावह सच्चाई
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस हत्या की क्रूरता को उजागर कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता के चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया, जिससे उसकी नाक की हड्डी टूट गई। शरीर पर कई जगह खरोंच और चोट के निशान मिले हैं, जो यह दर्शाते हैं कि उसने हमलावर से संघर्ष किया था।
डॉक्टरों ने गर्दन की मांसपेशियों में रक्तस्राव और थायरॉइड क्षेत्र में फ्रैक्चर पाया है, जिससे स्पष्ट है कि उसकी मौत गला घोंटने और दम घुटने से हुई। यौन उत्पीड़न की आशंका के चलते फोरेंसिक जांच के लिए कई नमूने सुरक्षित रखे गए हैं।

पूछताछ में सामने आया आरोपी का चेहरा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान राहुल मीणा ने कोई पछतावा नहीं दिखाया। उसने कथित तौर पर कहा, “अगर पैसे दे दिए होते तो ये नहीं होता।”
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को सट्टेबाजी की लत थी और वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहता था। उसके इंस्टाग्राम पर कई रील्स और फेसबुक पर दो प्रोफाइल होने की जानकारी मिली है।

पैसों के लिए रची खौफनाक साजिश
आरोपी ने घर में प्रवेश के लिए झूठ बोला कि उसे ‘आंटी’ ने पैसे लेने के लिए बुलाया है। पुलिस के मुताबिक, वह पहले इस परिवार में घरेलू कर्मचारी रह चुका था और उसे घर की पूरी जानकारी थी।
घटना के समय पीड़िता के माता-पिता जिम गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी ने अतिरिक्त चाबी से घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।

हत्या की पूरी प्लानिंग
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले पीड़िता पर हमला कर उसे बेहोश किया और फिर मोबाइल चार्जिंग केबल से गला घोंट दिया। आशंका है कि बेहोशी की हालत में उसके साथ यौन उत्पीड़न भी किया गया।
इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को कमरे से नीचे घसीटा और उसकी उंगलियों के निशान से लॉकर खोलने की कोशिश की। असफल होने पर उसने स्क्रूड्राइवर से लॉकर तोड़कर नकदी और गहने चोरी कर लिए।

सीसीटीवी में कैद पूरी वारदात
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी सुबह करीब 6:30 बजे कॉलोनी में प्रवेश करता और 7:20 बजे बाहर निकलता दिखाई दिया है। वारदात के बाद उसने खून से सने कपड़े बदल लिए थे।

जांच जारी, मकसद की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस
दिल्ली पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को जोड़ा जा रहा है। हत्या के पीछे के मकसद और संभावित अन्य पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।

यह घटना न सिर्फ राजधानी दिल्ली बल्कि पूरे देश में कानून-व्यवस्था और घरेलू कर्मचारियों के सत्यापन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS