ओडिशा में भीषण गर्मी का असर: 27 अप्रैल से सभी स्कूल बंद, समय से पहले घोषित हुई गर्मियों की छुट्टियां

भुवनेश्वर। ओडिशा में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 27 अप्रैल से सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों को बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए गर्मियों की छुट्टियां तय समय से पहले घोषित कर दी हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, राज्य में लगातार बढ़ते तापमान और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

सरकारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि स्कूलों में पढ़ाई भले ही स्थगित रहेगी, लेकिन पहले से निर्धारित परीक्षाएं, जनगणना कार्य और अन्य प्रशासनिक गतिविधियां पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी।

आमतौर पर राज्य में गर्मियों की छुट्टियां मई के पहले सप्ताह के बाद शुरू होती थीं, लेकिन इस बार तापमान में असामान्य वृद्धि के चलते शेड्यूल में बदलाव किया गया है। हालात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि राज्य के कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश चंद्र पुजारी ने जानकारी दी कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों को भी जल्द बंद किया जाएगा। साथ ही बच्चों को घर-घर राशन पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है तथा कुछ क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। ऐसे में राज्य सरकार का यह निर्णय एहतियाती कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS