शादी के कार्ड बांटते-बांटते जेल पहुंचा कांग्रेस नेता, बारात से पहले लगा रेप का आरोप

कबीरधाम/रायपुर: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी को पुलिस ने शादी की तैयारियों के बीच गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 7 मई को होने वाली अपनी शादी के लिए कार्ड बांटने और अन्य तैयारियों में जुटा था, तभी पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

7 मई को जानी थी बारात, उससे पहले गिरफ्तारी

जानकारी के अनुसार, रवि चंद्रवंशी ग्राम परसवारा (थाना पांडातराई) का निवासी है और किसान कांग्रेस का जिला अध्यक्ष बताया जा रहा है। शादी की लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और परिवार में खुशी का माहौल था। लेकिन बारात निकलने से पहले ही पुलिस कार्रवाई ने पूरे मामले को पलट दिया।

गर्लफ्रेंड का आरोप—शादी का झांसा देकर शोषण

मामले में एक युवती ने महिला थाना कवर्धा में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि रवि चंद्रवंशी ने उसे शादी का झांसा देकर करीब 10 वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाए और उसका शोषण किया।

पीड़िता के मुताबिक, जब भी वह शादी की बात करती थी, आरोपी सामाजिक कारणों का हवाला देकर उसे टाल देता था।

2016 से जारी था संबंध

शिकायत में बताया गया है कि वर्ष 2016 से आरोपी युवती को भरोसे में लेकर उसके साथ संबंध बना रहा था। लंबे समय तक शादी का वादा कर उसे भ्रम में रखा गया और लगातार उसका शोषण किया गया।

पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई

शिकायत मिलते ही महिला थाना पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया। पुलिस टीम ने रायपुर से आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पीड़िता के बयान समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राजनीतिक हलकों में हलचल

इस गिरफ्तारी के बाद स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। शादी से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

(Awaz Plus के लिए विशेष रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS