लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन के वृहद वृक्षारोपण अभियान-2026 के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शिवानी श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित इस अभियान में छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शिवानी श्रीवास्तव ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने छात्राओं से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल, सिंचाई और संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
वृक्षारोपण अभियान में महाविद्यालय की विभिन्न इकाइयों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दोनों इकाइयों ‘सद्भावना’ एवं ‘प्रेरणा’ ने डॉ. निशी मिश्रा के नेतृत्व में, श्रीमती साधना सिंह यादव एवं डॉ. पूनम पाण्डेय के सहयोग से पौधारोपण किया। एनसीसी कैडेट्स ने डॉ. नेहा जैन के नेतृत्व में तथा रेंजर्स की छात्राओं ने डॉ. स्मिता पाण्डेय के निर्देशन में पौधे लगाए। अवध सांस्कृतिक क्लब की संयोजिका प्रो. (डॉ.) प्रीति वाजप्ये तथा वनस्पति विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. शेफाली सिंह के मार्गदर्शन में भी छात्राओं ने अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का समन्वय महाविद्यालय की पर्यावरण समिति ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा लगभग 300 से अधिक छात्राओं ने भाग लेते हुए 200 विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे लगाए। इनमें बेल, सागौन, जामुन, नींबू सहित अन्य पौधे शामिल रहे। अभियान के अंतर्गत लगाए गए सभी पौधों के जियो-टैग्ड फोटोग्राफ ‘हरितिमा (Haritima)’ ऐप पर अपलोड किए गए, जिससे उनके संरक्षण एवं नियमित अनुश्रवण को सुनिश्चित किया जा सके।
अभियान को सफल बनाने में प्रो. (डॉ.) अखिलेश कुमार, प्रो. (डॉ.) रीता अग्निहोत्री, प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार अग्रवाल, प्रो. (डॉ.) शीलधर दुबे, प्रो. (डॉ.) सुरंगमा यादव, डॉ. विशाखा कमल, डॉ. प्रज्ञा मिश्रा, डॉ. अमितेन्द्र सिंह, श्रीमती ममता अम्बुजाननी, श्री विशाल वर्मा, श्रीमती सुमन सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं कार्यालय परिवार का उल्लेखनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने की सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराई। महाविद्यालय प्रशासन ने मीडिया से भी इस जनहित अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरण हो सके।
💬 टिप्पणियां
अपनी टिप्पणी दें
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें