आवाज प्लस | साइबर क्राइम
सीतामढ़ी/पुपरी। सोशल मीडिया पर शेयर बाजार में कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर साइबर ठगों ने पुपरी निवासी एक व्यक्ति से 18 लाख 43 हजार 390 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित दीप मोहन प्रसाद के अनुसार, उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने वाला एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन के माध्यम से उनकी बातचीत साइबर ठगों से हुई। ठगों ने उन्हें एक कथित निवेश प्लेटफॉर्म से जोड़कर शुरुआती दौर में छोटी रकम निकालने की सुविधा दी, जिससे उनका भरोसा जीत लिया।
विश्वास बनने के बाद पीड़ित ने अलग-अलग चरणों में लाखों रुपये निवेश कर दिए। लेकिन जब उन्होंने अपनी पूरी राशि निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने इंश्योरेंस फीस, सेल्फ डिक्लेरेशन चार्ज और रेमिटेंस चार्ज के नाम पर लगातार अतिरिक्त रकम जमा कराने का दबाव बनाया।
संदेह होने पर पीड़ित ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर संबंधित मोबाइल नंबर, बैंक खातों और ऑनलाइन लेनदेन की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की सलाह
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर शेयर बाजार में असामान्य मुनाफे का दावा करने वाले विज्ञापनों से सतर्क रहें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बिना सत्यापन किसी भी खाते में धनराशि ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
— आवाज प्लस
💬 टिप्पणियां
अपनी टिप्पणी दें
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें